हजारों करोड़ की लागत से बना अटल सेतु मुंबई को नवी मुंबई से जोड़ेगा। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के लिए यह पुल नई जीवन रेखा बनेगा, वहीं बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में यह भारत के विकास की नई इबारत है।

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को 27वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव में शामिल हुए। वे 30,500 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ भी करेंगे। इस दौरान युवाओं ने मार्च-पास्ट किया और सांस्कृतिक नृत्य पेश किया। युवाओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज का ये दिन भारत की युवा शक्ति का दिन है। ये दिन उस महापुरुष को समर्पित है, जिन्होंने गुलामी के कालखंड में भारत को नई ऊर्जा से भर दिया था। ये मेरा सौभाग्य है कि मैं स्वामी विवेकानन्द की जयंती पर नासिक में हूं। मैं आप सभी को राष्ट्रीय युवा दिवस की शुभकामनाएं देता हूं।

    अटल पुल के बारे में जानिए

    हजारों करोड़ की लागत से बना अटल सेतु मुंबई को नवी मुंबई से जोड़ेगा। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के लिए यह पुल नई जीवन रेखा बनेगा, वहीं बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में यह भारत के विकास की नई इबारत है। एक अनुमान के मुताबिक पुल से हर रोज करीब 70 हजार लोग सफर करेंगे। यहां 400 कैमरे लगे हैं, इसके अलावा ट्रैफिक के दबाव की जानकारी जुटाने के लिए एआई आधारित सेंसर लगे हैं।

    अटल सेतु की विशेषताएं

    21.8 किमी लंबा है अटल सेतु
    17,840 करोड़ की लागत से तैयार हुआ है
    2016 के दिसंबर माह में रखी थी आधारशिला
    16.5 किमी समुद्र पर तो 5.5 किमी जमीन पर बना

    युवा दिवस पर एक लाख युवाओं को संबोधित करेंगे पीएम

    केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने गुरुवार कहा कि युवा दिवस पर शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक लाख से अधिक युवाओं को संबोधित करेंगे। स्वामी विवेकानंद की 161वीं जयंती पर महाराष्ट्र के नासिक में राष्ट्रीय युवा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। कुंभ नगरी में पूरे देश से आए हुए युवाओं का मेला लगेगा, जिसके मुख्य अतिथि पीएम मोदी होंगे। कार्यक्रम की थीम युवाओं के लिए, युवाओं के द्वारा रखी गई है। सभी युवा यहां एकत्रित होकर 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लेंगे। केंद्रीय मंत्री ने कहा, पीएम को सुनने के प्रत्यक्ष तौर पर एक लाख से ज्यादा युवा रहेंगे, वहीं देश के सभी जिलों के युवा लाइव कॉन्फ्रेंसिंग से प्रधानमंत्री को सुनेंगे। ब्यूरो