महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में उद्योगपति अनिल अंबानी ने पूजन किया और भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया।

    उज्जैन: उद्योगपति अनिल अंबानी शनिवार को परिवार के साथ हाकाल मंदिर में दर्शन करने पहुंचे। यहां उन्होंने बाबा महाकाल का विधि विधान से पूजन किया और आशीर्वाद लिया। इसके पहले अनिल अंबानी जनवरी 2023 में उज्जैन पहुंचे थे, यहां महाकाल का आशीर्वाद लेने के बाद उन्होंने इंदौर में कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल की शुरुआत की थी।

    शनिवार को हुई महाकाल प्रबंधन समिति की बैठक में गर्भगृह में आम भक्तों के दर्शन करने की अनुमति को लेकर सहमति नहीं बन पाई। अभी भक्तों को दूर से ही महाकाल के दर्शन करना होंगे। श्रावण मास के दौरान गर्भगृह में प्रवेश पर रोक लगाई गई थी।

    आज जारी हो सकती है सांझी उत्सव के कलाकारों की सूची

    ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में 10 से 14 अक्टूबर तक उमा सांझी महोत्सव का आयोजन होगा। प्रतिदिन शाम 7 बजे लोक कलाकार गीत,संगीत व नृत्य की प्रस्तुति देंगे। शनिवार शाम प्रस्तुति देने वाले कलाकारों की सूची जारी हो सकती है। उमा सांझी महोत्सव में प्रस्तुति देने के लिए मंदिर समिति ने कलाकारों से आवेदन आमंत्रित किए थे। 1 अक्टूबर आवेदन की अंतिम तिथि निर्धारित की गई थी।

    बताया जाता है 50 से अधिक लोक कलाकारों ने प्रस्तुति के लिए आवेदन दिए थे। चयन समिति द्वारा नाम निर्धारित कर स्वीकृति के लिए फाईल कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम के समक्ष प्रस्तुत की है। सूत्र बताते हैं कलेक्टर द्वारा शनिवार को सूची स्वीकृत की जाएगी। इसके बाद मंदिर प्रशासन कलाकारों को आमंत्रण दिया जाएगा।