जालंधर (विक्की सूरी ):  22 जनवरी भगवान राम देश-विदेश में बसने वाले करोड़ों भारतीयों की आस्था के केंद्र हैं और अयोध्या में उनके मंदिर की स्थापना से देश भर में खुशी की लहर है। ये विचार लोकसभा सदस्य सुशील कुमार रिंकू ने आज शहर में विभिन्न स्थानों पर आयोजित धार्मिक समारोहों में शिरकत करते वक्त लोगों को संबोधित करते हुए व्यक्त किये।

    सांसद ने कहा कि अयोध्या में श्री राम जन्म भूमि पर मंदिर की स्थापना किसी देश के उन लाखों लोगों की जीत है, जिन्होंने यहां मंदिर स्थापना के लिए सालों तक संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि भगवान को मर्यादा पुरुषोत्तम के नाम से भी जाना जाता है, जिन्होंने करोड़ों लोगों को जीवन की राह दिखाई। भगवान राम ने अपनी पत्नी के लिए समुंद्र लांघकर रावण का वध किया और अपने पिता के वचन की पूर्ति के लिए राज सिंहासन छोड़ दिया। उनके जीवन की ये घटनाएं युगों-युगों से भारत में बसने वाले लोगों को प्रेरित करती आई हैं और आने वाली पीढ़ियों को भी इसी तरह से प्रेरित करती रहेंगी। एक आर्दश पति, आर्दश पुत्र होने की सीख, हमें भगवान राम के जीवन से ही मिलती है।

    उन्होंने शहर के सभी धार्मिक संगठनों का इस महत्वपूर्ण दिवस पर शहर को राममय बनाने के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि जिस तरह से अलग-अलग वर्गों भक्तों ने उत्साह दिखाया है, उससे इस देश की अनेकता में एकता की झलक साफ तौर पर दिखाई पड़ी है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल सत्ता के लिए हमें बांटने की जितनी मर्जी कोशिश करें लेकिन हम सब एक ही हैं। उन्होंने शहर में अलग-अलग धार्मिक स्थलों पर आयोजित कार्यक्रमों में शिरकत की और भगवान राम का आशीर्वाद प्राप्त किया।