पंजाब के खन्ना में वीरवार की देर शाम नेशनल हाईवे पर ऑटोमोबाइल कंपनी मारुति शोरूम के एचओडी (हेड ऑफ डिपार्टमेंट) विशाल पुरी पर कुछ युवकों ने तलवारों से हमला कर दिया गया। 2 बाइकों पर 5 हमलावर सवार थे, जिन्होंने विशाल पुरी को रास्ते में घेरकर हमला किया। विशाल के साथी ने भागकर अपनी जान बचाई। हमले में गंभीर रूप से घायल विशाल पुरी को एक निजी अस्पताल भर्ती कराया गया। वहां प्राथमिक उपचार के के बाद उन्हें सिविल अस्पताल खन्ना लाया गया है। घटना के बाद एसपी (आई) सौरव जिंदल समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई। गांव कौड़ी के पास होशियारपुर आटोमोबाइल्स (मारुति कार शोरूम) पर काम करने वाले गुरमुख सिंह ने बताया कि शाम को छुट्टी के बाद वह कंपनी के एचओडी विशाल पुरी को बाइक पर छोड़ने बस स्टैंड खन्ना जा रहा था।

    वहां से विशाल ने अपने घर मोहाली जाना था। जैसे ही वे खालसा पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे तभी उनके आगे दो बाइक पर सवार होकर आए पांच युवकों ने रास्ता रोक लिया। इनके पास तलवारें, किरच व अन्य हथियार थे। एक हमलावर ने विशाल पुरी पर तलवार से हमला किया तो दूसरे ने किरच से गुरमुख सिंह पर हमले की कोशिश की। वह जान बचाकर वहां से भागा। हमलावरों ने विशाल पर लगातार कई वार किए और धमकियां देते फरार हो गए।

    घटना के बाद एसपी सौरव जिंदल ने घटनास्थल का मुआयना किया वहीं सिविल अस्पताल में घायल का हाल जाना। डीएसपी अमृतपाल सिंह भाटी ने कहा कि घायल विशाल के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर रही है। वहीं सीसीटीवी फुटेज की मदद से हमलावरों का पता लगाया जा रहा है। कोशिश है कि जल्द उन्हें काबू किया जाए।