लुधियाना में ग्यासपुरा की सम्राट कालोनी की गली नंबर तीन में एक बेहड़े में देर रात सिलिंडर में गैस भरते वक्त लीकेज के कारण आग लग गई। आग लगने के बाद हड़कंप मच गया।सात साल की बच्ची शिवानी और उसकी 35 वर्षीय मां फूलवती झुलस गई। उनको बचाने के चक्कर में बेहड़े में रहने वाले पांच अन्य लोग भी झुलस गए। घायल मां-बेटी को सिविल अस्पताल में और अन्य लोगों को निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। आग ने बेहड़े में आसपास के चार कमरों को भी अपनी चपेट में ले लिया और वहां पर रखा सामान भी जल गया।

    महिला के पति दरोगा प्रसाद ने बताया कि वे सम्राट कालोनी के बेहड़े में रहते हैं। बेहड़े में ही एक व्यक्ति बड़े सिलिंडर से छोटे सिलिंडर में गैस भरने का काम करता है। देर शाम उनकी पत्नी जब खाना बना रही थी तो साथ वाले कमरे में सिलिंडर को रिफिल किया जा रहा था। तभी गैस लीक होने से आग भड़क गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। लोगों ने पानी डाल कर काफी मुश्किल से आग पर काबू पाया।