तरनतारन : विभिन्न थानों की पुलिस ने 1 किलो 80 ग्राम हेरोइन, 1 पिस्तौल, 1 ड्रोन, 1 मोटरसाइकिल, 2 लाख 25 हजार रुपए भारतीय करंसी बरामद कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया। 1 अज्ञात व्यक्ति सहित 3 फरार आरोपियों की तलाश पुलिस ने शुरू कर दी है। केस दर्ज करने के बाद गिरफ्तार आरोपियों को माननीय अदालत के समक्ष पेश किया गया। रिमांड के आधार पर होने वाले पूछताछ से कई अहम खुलासे होने की संभावना है।

    एस.एस.पी. अश्वनी कपूर ने बताया कि पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि गांव मेहंदीपुर का निवासी अंग्रेज सिंह पाकिस्तानी तस्करों के साथ संपर्क बनाते हुए हेरोइन की खेप मंगवाने का काम करता है। छापेमारी की मदद से पुलिस ने अंग्रेज सिंह के मामा मेजर सिंह पुत्र बलकार सिंह निवासी मस्तगढ़ व भाई गुरमेज सिंह पुत्र संतोख सिंह निवासी मेहंदीपुर से 9 एम.एम. ग्लॉक आट्रिरया का बना हुआ पिस्तौल बरामद किया। पूछताछ के दौरान इन आरोपियों से 570 ग्राम हेरोइन, 2 लाख 25 हजार रुपए की भारतीय करंसी बरामद हुई। सब-डिविजन भिखीविंड के अधीन आते थाना खेमकरण में गुरमेज सिंह पुत्र संतोख सिंह निवासी मेहंदीपुर, मेजर सिंह पुत्र बलकार सिंह निवासी मस्तगढ़ की गिरफ्तारी के बाद केस दर्ज कर लिया गया। इनके 2 साथी अंग्रेज सिंह पुत्र संतोख सिंह निवासी मेहंदीपुर, अर्शदीप सिंह पुत्र हरपाल सिंह निवासी मेहंदीपुर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।

    इसके अलावा थाना वल्टोहा की पुलिस द्वारा नाकेबंदी के समय मोटरसाइकिल सवार 1 व्यक्ति को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देख कर मोटरसाइकिल सवार चालक ने फरार होने की कौशिश की, परंतु पुलिस ने पीछा करते हुए विशालदीप सिंह उर्फ विशाल पुत्र गुरसेवक सिंह निवासी सकत्रा को गिरफ्तार कर लिया। उक्त आरोपी से पुलिस ने मोटरसाइकिल सहित 510 ग्राम हेरोइन बरामद की। इसी तरह थाना खालड़ा की पुलिस व बी.एस.एफ. द्वारा तलाशी अभियान के समय पाल सिंह पुत्र हरदीप सिंह निवासी कलसियां के खेतों से 1 ड्रोन बरामद किया गया। इस बरामदगी को लेकर केस दर्ज करने के बाद आरोपी की तलाश की जा रही है। इस मौके पर एस.पी. स्थानीय मनिंदर सिंह, डी.एस.पी. भिखीविंड प्रीतइंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।