फरहान अख्तर की नई फिल्म ‘120 बहादुर’ की शूटिंग आज से शुरू हो गई है। इसका पहला शेड्यूल लद्दाख में शूट किया जाएगा। फिल्म का निर्माण रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर के एक्सेल एंटरटेनमेंट और अमित चंद्रा के ट्रिगर हैप्पी स्टूडियो द्वारा किया जा रहा है।

    मेजर शैतान सिंह के रोल में दिखेंगे फरहान अख्तर
    ‘120 बहादुर’ में फरहान अख्तर मेजर शैतान सिंह पीवीसी के रोल में दिखाई देंगे। इस फिल्म में मेजर शैतान सिंह पीवीसी और चार्ली कंपनी, 13 कुमाऊं रेजिमेंट के सैनिकों की कहानी देखने को मिलेगी और इसे दिखाने के लिए फिल्म निर्माता सम्मानित महसूस कर रहे हैं। यह एक मिलिट्री एक्शन फिल्म है, जिसमें सैनिकों को जंग के मैदान में लड़ते हुए देखा जाएगा। सैनिकों के बलिदान की मार्मिक कहानी को देखना दिलचस्प होगा। फरहान अख्तर ने फिल्म का मोशन पोस्टर भी साझा किया है, जिस पर लिखा है, “वो तीन हजार थे और हम?” फरहान ने अपनी पोस्ट के कैप्शन में सैनिकों के बारे में लिखा कि उन्होंने जो हासिल किया, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।

    फिल्म में दिखेगी रेजांग ला की लड़ाई
    फरहान अख्तर की मुख्य भूमिका वाली ‘120 बहादुर’ रेजांग ला की लड़ाई से प्रेरित है और यह 1962 के भारत-चीन युद्ध की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फरहान अख्तर के प्रशंसक उन्हें सैनिक की भूमिका में दुश्मनों से लोहा लेते हुए देखने के लिए काफी उत्सुक हैं। फिल्म में भारतीय सैनिकों के बलिदान और साहस की कहानी दर्शकों को प्रेरित भी करेगी। बता दें कि फरदान अख्तर इससे पहले भी बड़े परदे पर एक और मशहूर शख्सियत मिल्खा सिंह का रोल कर चुके हैं। ‘120 बहादुर’ का निर्देशन रजनीश घई करेंगे। फिल्म दर्शकों का मनोरंजन करने के साथ-साथ सैनिकों की वीरता का भी सम्मान करेगी।