फगवाड़ा (पुनीत) : शिव शक्ति माता मंदिर जोशियां मोहल्ला में तुलसी विवाह के वार्षिक उत्सव का भव्य आयोजन मन्दिर प्रबंधक कमेटी की अध्यक्षा चंचल सेठ की देखरेख में किया गया। समागम से पहले दो दिन तुलसी माता को मेंहदी रचाई गई। भगवान विष्णु (शालीग्राम) जी को शगुन की रस्म निभाई गई। महिला संकीर्तन मंडली ने भजन-कीर्तन और विवाह के गीतों पर नाच-गाने के साथ खुशी मनाई। फेरों के पश्चात डोली विदा करने के साथ तुलसी विवाह संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने नतमस्तक होकर शालिग्राम जी और तुलसी माता का आशीर्वाद ग्रहण किया। इस दौरान लायंस इंटरनैशनल 321-डी के डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन (पीस पोस्टर) लायन गुरदीप सिंह कंग विशेष रूप से उपस्थित हुए। उन्होंने नतमस्तक होने के पश्चात सभी को तुलसी विवाह की हार्दिक शुभकामनाएं दी। कमेटी प्रधान चंचल सेठ ने बताया कि मन्दिर में प्रत्येक वर्ष कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी को तुलसी विवाह का भव्य आयोजन किया जाता है। उन्होंने बताया कि सनातन मान्यता के अनुसार तुलसी विवाह से घर में सौभाग्य, शांति और धन-समृद्धि का वास होता है। जिन लोगों के वैवाहिक जीवन में बाधाएं अथवा विलंब होता है, उनके लिये तुलसी विवाह में भाग लेना अत्यंत शुभ माना गया है। उन्होंने बताया कि मन्दिर में सनातन धर्म के सभी उत्सव पूर्ण भक्ति-भाव और हर्षोल्लास के साथ मनाये जाते हैं। जिसमें समूह कमेटी मैंबरों का आपार सहयोग प्राप्त होता है। समागम के दौरान प्रीति भोज की सेवा भी अटूट बरताई गई। इस अवसर पर कमेटी चेयरमैन रुपिंदर कौर बसरा, कोषाध्यक्ष किट्टी बसरा, नीलम गुप्ता, रमा रानी, पल्लवी, सीया, सोना, सुमन उब्बी, रीमा धीर, जीवन, रमा, अमिता, ऊषा रानी के अलावा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।