फिरोजपुर (जतिन्द्र पिंकल): माननीय स्पेशल डीजीपी रेलवे (पटियाला) के दिशा-निर्देशों की पालना करते हुए तथा डीएसपी (जीआरपी) फिरोजपुर की निगरानी में थाना जीआरपी फिरोजपुर पुलिस ने रेलगाड़ियों व अन्य स्थानों पर यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी करने वाले एक आरोपी को काबू किया है।
बीती 1 अप्रैल 2026 को एएसआई जसपाल सिंह, इंचार्ज रेलवे स्टेशन तलवंडी, फिरोजपुर अपनी पुलिस पार्टी सहित गश्त पर थे। इसी दौरान एक गुप्त सूचना मिली कि विशाल उर्फ गांधी पुत्र बैरों निवासी ताला, शहर फिरोजपुर, रेलगाड़ियों में यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी कर उन्हें आगे बेचने का आदी है और इस समय रेलवे यार्ड तलवंडी स्टेशन पर किसी ग्राहक का इंतजार कर रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उक्त आरोपी को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी किए गए कुल 4 मोबाइल फोन बरामद हुए, जिनमें एक वीवो, एक ओप्पो और दो रियलमी कंपनी के मोबाइल शामिल हैं।
इस संबंध में आरोपी विशाल के खिलाफ मुकदमा नंबर 07 दिनांक 1-04-2026 को धारा 303(2) व 317(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत थाना जीआरपी फिरोजपुर में दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी थाना जीआरपी फिरोजपुर में एक चोरी और एक लूट का मामला दर्ज है। आज आरोपी को माननीय अदालत में पेश किया जाएगा तथा मामले की अगली जांच जारी है।