नई दिल्ली, 10 मार्च: दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के महासचिव सरदार जगदीप सिंह काहलों ने कहा कि 8 व 9 अप्रैल को लाल किले पर होने वाले दिल्ली फतेह दिवस समारोह में महिलाएं बड़ी संख्या में शामिल होंगी।
सरदार काहलों ने आज दिल्ली फतेह दिवस की तैयारी हेतु एक बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं ने हमेशा सिख समुदाय के इतिहास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। गुरु साहिबानों के समय से ही हमारी माताओं, बहनों ने सदैव कौम के संघर्ष में बढ़चढ़ कर भाग लिया। आज भी महिलाएं अपनी अहम भूमिका निभा रही हैं।

    सरदार काहलों ने कहा कि दिल्ली फतेह दिवस समारोह में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल होंगी। आने वाले समय में स्त्री अकाली दल की सदस्यों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
    उन्होंने बताया कि 6 अप्रैल को श्री दरबार साहिब स्थित बुंगा रामगढ़िया से नगर कीर्तन शुरू होगा, जो हरियाणा से होते हुए 7 अप्रैल को दिल्ली समाप्त होगा। 8 और 9 अप्रैल को लाल किले के मैदान में दिल्ली फतेह दिवस समारोह होगा, जिसमें कीर्तन दरबार भी सजाया जाएगा और ढाडी सिंहों द्वारा भी गुरबाणी कीर्तन किया जाएगा।

    उन्होंने यह भी कहा कि गुरुद्वारा कमेटी द्वारा धर्म की सेवा के साथ-साथ स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए योगदान की पूरी दुनिया में प्रशंसा हुई है। कोरोना संकट के समय जहां कमेटी ने 10 दिनों के भीतर 400 बिस्तर वाला अस्पताल तैयार किया, दिल्ली की सीमाओं पर लगे किसान मोर्चे के अंत तक लंगर की सेवा निभाई व उसके बाद गिरफ्तार हुए किसानों की रिहाई के लिए संघर्ष किया। जिन किसानों को नोटिस मिले थे उनके नोटिस रद्द करवाये। यह सब उस समय हुआ जब सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा कमेटी के अध्यक्ष थे और उनके बाद सरदार हरमीत सिंह कालका को जिम्मेदारी संभाले कुछ ही समय हुआ था।
    कोरोना के कारण जब बड़ी-बड़ी कंपनियों ने अपने 60 से 70 फीसदी कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया था तब भी कमेटी ने अपने किसी कर्मचारी को नहीं निकाला। बच्चों की फीस आना बंद हो गई थी लेकिन इसके बावजूद शिक्षकों को नियमित वेतन दिया गया।

    उन्होंने यह भी बताया कि जब ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, इंग्लैंड आदि देशों से प्रतिनिधि मंडल आते हैं तो यह देखकर हैरान रह जाते हैं कि गुरुद्वारा बंगला साहिब स्थित गुरुहरिकृष्ण पॉलीक्लिनिक में केवल 50 रुपये में एमआरआई जांच की जा रही है. बाला साहिब अस्पताल में बिना किसी भेदभाव के निःशुल्क डायलिसिस किया जा रहा है।

    इस मौके पर कमेटी के उपाध्यक्ष सरदार आत्मा सिंह लुबाना ने कहा कि कमेटी द्वारा लाल किले पर दिल्ली फतेह दिवस मनाने की शुरुआत की गई है। इस दिन को मनाने से लोगों में जागरूकता आती है कि कब और कैसे सिंहों ने दिल्ली को जीता था।

    इस मौके पर गुरु हरिकृष्ण पॉली क्लीनिक के चेयरमैन सरदार भूपिंदर सिंह भुल्लर ने बताया कि पॉलीक्लिनिक में जल्द ही कैंसर डिटेक्शन मशीन लगाई जाएगी। इस संबंध में टी सीरीज कंपनी ने कमेटी को 9 करोड़ रुपए की सेवा सौंपी है व जल्द ही मशीन के लिए ऑर्डर दिया जा रहा है।