नई दिल्ली: दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा संचालित गुरु तेग बहादुर साहिब इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी व गुरु तेग बहादुर साहिब फोर्थ सेंटेनरी इंजीनियरिंग कॉलेज ने गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया।इस मौके पर दिल्ली गुरुद्वारा कमेटी के अध्यक्ष सरदार हरमीत सिंह कालका और महासचिव सरदार जगदीप सिंह काहलों ने आयोजकों को गुरु साहिब का प्रकाश पर्व मनाने के लिए बधाई दी और कहा कि गुरू साहिब ने उस समय मानवता का मार्ग प्रशस्त किया जब पूरी दुनिया अंध विश्वास और जाति-पाति में फंसी हुई थी।
सरदार कालका और सरदार काहलों ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने समाज से जात-पात को मिटाने का काम किया और पूरे समाज को मानस की जात सबै एकै पहचानबो का संदेश दिया सभी धर्मों के सम्मान की बात कही।
 गुरु साहिब ने लोगों को बताया कि अकाल पुरख एक ही है और सभी इंसानों को उस अकाल पुरख ने ही इस दुनिया में भेजा है। सरदार कालका और सरदार काहलों ने कहा कि कॉलेज प्रबंधन विशेष रूप से चेयरमैन सरदार हरजीत सिंह पप्पा और सह-चेयरमैन सरदार भूपिंदर सिंह गिन्नी को बधाई देते हैं, जिनके अथक प्रयासों से कॉलेज पॉलिटेक्निक से इंजीनियरिंग कॉलेज बन गया। उनके साथ ही सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा का भी इसमे महत्वपूर्ण रोल रहा जिसके चलते एलजी ने फाइल को अनुमति प्रदान की।
 उन्होंने कहा कि सिख पंथ की य़ह संस्थाएं संगत के सहयोग से बेह्तरीन काम कर रही हैं, गुरु साहिब के आशीर्वाद और कृपा से ही ये संस्थाएं चल रही हैं तथा गुरु तेग बहादुर साहब के नाम पर बने य़ह संस्थान कभी बंद नहीं हो सकते।
 पंजाब के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि आज पंजाब में नशे की नदी बह रही है, लेकिन देश की सबसे बड़ी संस्था शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी अपनी जिम्मेदारी निभाने में पिछड़ती नजर आ रही है।
उन्होंने कहा कि हमें अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए राजनीति छोड़कर कौम की सेवा करनी चाहिए। इस अवसर पर अन्य लोगों के अलावा दिल्ली गुरुदेव समिति के सदस्य सरदार गुरदेव सिंह, सरदार गुरुमीत सिंह, सरदार राजिंदर सिंह, डॉ. निशान सिंह मान, सरदार मल्ही, सरदार गागी साहब, सरदार जगजीत सिंह और सिंह सभाओं के अध्यक्षों और पदाधिकारियों सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।