मुख्यमंत्री पद की दौड़ में कई नाम शामिल थे। इसमें मौजूदा कैबिनेट के सदस्य आतिशी, सौरभ भारद्वाज, गोपाल राय, कैलाश गहलोत के अलावा पूर्वी दिल्ली लोकसभा के प्रत्याशी रहे कुलदीप कुमार, विधानसभा उपाध्यक्ष राखी बिड़लान समेत दूसरे नाम भी शामिल थे। लेकिन आतिशी के नाम पर मुहर लग गई है।

    सिसोदिया के दवाब में केजरीवाल ने लगाई मुहर: वीरेंद्र सचदेवा
    दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी को दिल्ली की नई मुख्यमंत्री बनाए जाने की खबरों पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने मजबूरी में बनाया है क्योंकि वे चाह कर भी अपनी मन मर्जी का मुख्यमंत्री नहीं बनवा सकें। मनीष सिसोदिया के कहने पर आतिशी को सारे विभाग दिए गए और मनीष सिसोदिया के दवाब में ही आतिशी को मुख्यमंत्री बनाया गया। मैं कह रहा हूं कि चेहरा बदल गया है लेकिन आम आदमी पार्टी का भ्रष्टाचारी चरित्र वही है।

    आप पर भाजपा का निशाना
    वहीं आतिशी के नाम का एलान होते ही भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने निशाना साधते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल एक कठपुतली/अस्थायी व्यक्ति को दिल्ली का मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं। उन्हें अपनी पार्टी पर भरोसा नहीं है। इसलिए वह पार्टी में उनसे कमजोर किसी व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं। आप में अंदरूनी सत्ता संघर्ष चल रहा है। इस अंदरूनी सत्ता संघर्ष के कारण दिल्ली की जनता त्रस्त है। आगामी चुनाव में मुकाबला जनता बनाम आप होने जा रहा है। जबकि भाजपा दिल्ली की जनता का माध्यम बनेगी।

    दिल्ली के लोगों के लिए फैसला लिया- गोपाल राय
    दिल्ली मंत्री गोपाल राय ने प्रेस वार्ता की और उन्होंने कहा कि विधायक दल की बैठक में आतिशी के नाम पर मुहर लगी है। राय ने कहा कि भाजपा आम आदमी पार्टी को खत्म करना चाहती है। जेल से बाहर आने के बाद केजरीवाल ने इस्तीफे का फैसला लिया। भाजपा की सभी साजिशों को हमने नाकाम किया। अगले चुनाव तक आतिशी को जिम्मेदारी दी गई है। नई सरकार और जनता के फैसले के बाद ही केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि शाम 4.30 बजे केजरीवाल उपराज्यपाल को अपना इस्तीफा देंगे। इसके बाद आज ही सरकार गठन की तैयारी शुरू हो जाएगी। आज ही सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा। आज शाम साढ़े चार बजे मुख्यमंत्री एलजी को इस्तीफा सौंपने जायेंगे।

    थोड़ी देर में शुरू होगी विधायक दल की बैठक
    दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने बताया कि सीएम केजरीवाल मंगलवार शाम 4:30 बजे उपराज्यपाल से मिलकर उन्हें अपना इस्तीफा सौंपेंगे। वहीं, मंगलवार दोपहर करीब 11:30 बजे आप के विधायक दल की बैठक होगी। इसमें मुख्यमंत्री केजरीवाल विधायकों से चर्चा करेंगे और दिल्ली के नए मुख्यमंत्री पर निर्णय लिया जाएगा। इसके बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू होगी।