फगवाड़ा (पुनीत) स्माल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन और चैंबर ऑफ इंडस्ट्रियल एंड कमर्शियल अंडरटेकिंग्स की संयुक्त बैठक एसोसिएशन के प्रधान पंकज कौड़ा की अध्यक्षता में स्थानीय होटल बेस्ट वैस्ट्रन में संपन्न हुई। एसोसिएशन के सचिव रजनीश जैन और कोषाध्यक्ष प्रदीप ढल्ला की देखरेख में आयोजित इस मीटिंग के दौरान बतौर मुख्य अतिथि चैंबर आफ इंडस्ट्रियल एंड कमर्शियल अंडरटेकिंग (सीआईसीयू) के अध्यक्ष उपकार सिंह आहूजा शामिल हुए। मुख्य अतिथि का स्वागत फूलमाला पहना कर और पुष्पगुच्छ भेंट करके किया गया। उपकार सिंह आहूजा ने अपने संबोधन में आर्थिक विकास को बढ़ावा देने में उद्योगों और संघों के बीच सहयोग के महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने स्माल इंडस्ट्रीज की समस्याओं के निवारण के लिये अपने सुझाव तथा इंडस्ट्री के विकास के लिये विचारों को उपस्थित सदस्यों के समक्ष रखा। उनके अलावा व्यावसायिक रणनीति और नवाचार के प्रसिद्ध विशेषज्ञ श्री गौतम सीकरी, प्रतिष्ठित शिक्षाविद और शोधकर्ता डा. एस.बी. सिंह, निर्यात विशेषज्ञ श्री सर्वजीत सिंह, प्रख्यात उद्यमी और विचारक अजय भारती, अपने उल्लेखनीय कार्यों से सार्थक बदलाव की तरफ अग्रसर युवा एवं प्रगतिशील बिजनेस लीडर निखिल ढंड ने भी अपने विचार साझा किये। स्माल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रधान पंकज कौड़ा ने बताया कि इस बैठक का उद्देश्य स्माल इंडस्ट्रीज और चैंबर ऑफ इंडस्ट्रियल एंड कमर्शियल अंडरटेकिंग्स के बीच सहयोग को बढ़ावा देना और क्षेत्र के लघु उद्योगों के सामने आने वाली चुनौतियों के समाधान के तरीकों पर चर्चा करना था। उन्होंने विश्वास दिलाया कि स्माल इंडस्ट्री की समस्याओं को पुख्ता ढंग से पंजाब और केन्द्र की सरकारों के समक्ष उठाया जायेगा। ताकि सभी समस्याओं का उचित समाधान हो सके। एसोसिएशन द्वारा मुख्य अतिथि उपकार सिंह आहूजा को समृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया गया। बैठक में रतन चावला, सुरिन्द्र चावला, सुरिन्द्र सिंह जसवाल, अशोक सेठी, नितिन साहनी, राजीव वर्मा, करण ढल्ला, अमोघ सोबती, गौरव ढींगरा इत्यादि भी उपस्थित थे।