फगवाड़ा (पुनीत) लगभग पचास वर्ष से निष्काम भावना के साथ समाज सेवा कर रही फगवाड़ा की अग्रणी संस्था लोक सेवा दल ने प्रधान निरवैर सिंह नंदा की अगवाई में 72वां नि:शुल्क ब्लड शुगर जांच कैंप उत्तम डायग्नोस्टिक लैब, नजदीक ब्लड बैंक गुरु हरगोबिंद नगर फगवाड़ा में लगाया। धंजु परिवार के सहयोग और विपन जैन की देखरेख में प्रात: 8 से दोपहर 12 बजे तक जारी रहे इस कैंप के दौरान करीब दो दर्जन मधुमेह से पीडि़त रोगियों ने अपना शुगर टैस्ट करवाया। उन्होंने लोक सेवा दल के इस प्रयास को प्रशंसनीय भी बताया। विपन जैन ने बताया कि शुगर आज एक आम रोग बन चुका है। लेकिन चिंतित न होकर अपने दैनिक आहार और दिनचर्या में बदलाव करके शुगर को कन्ट्रोल में रखा जा सकता है। उन्होंने मधुमेह पीडि़तों से आह्वान कर कहा कि वे रोजाना प्रात: और सांयकाल की सैर के साथ दैनिक जीवन में योग और प्राणायाम को भी शामिल करें। समय पर और सही दवा का सेवन भी चिकित्सक के निर्देशानुसार अवश्य करना चाहिये। प्रधान निरवैर सिंह नंदा ने बताया कि यह कैंप प्रत्येक महीने के प्रथम रविवार को बिल्कुल निशुल्क लगाया जाता है। जिसका लाभ बड़ी संख्या में क्षेत्र निवासी उठाते हैं। इस अवसर पर चेयरमैन पवन कुमार कालड़ा, दविन्द्र सिंह सचिव, दीपक गुप्ता, संजीव लांबा, रविन्द्र पनेसर, डा. वी.एस. गंभीर सहित मैडिकल स्टाफ सदस्य उपस्थित थे।