फगवाड़ा (पुनीत) फगवाड़ा के विकास कार्यों को गति देते हुए आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता और हलका इंचार्ज हरनूर सिंह हरजी मान ने आज गांव मेहटां से जगजीवन राम कालोनी और कांशी नगर से नंगलमाझा तक बनने वाली दो सडक़ों के पुनर्निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि मेहटां-जगजीवन राम कालोनी की 1.17 किलोमीटर लंबी सडक़ के निर्माण पर 20.24 लाख रुपये और कांशी नगर से गांव नंगलमाझा तक बनाई जा रही 2.97 कि.मी. लंबी सडक़ के निर्माण पर लगभग 51 लाख 46 हजार रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के दिशा-निर्देशों के तहत पंजाब के वांछित विकास को निरंतर गति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में फगवाड़ा का विकास देखकर विरोधियों की आंखे भी खुली रह जायेंगी। क्योंकि मौजूदा आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा करवाए जा रहे विकास जितने कार्य फगवाड़ा हलके में पहले कभी नहीं हुए। हरजी मान ने कहा कि जहां गांवों को आदर्श गांव के रूप में विकसित किया जा रहा है, वहीं शहर के हर वार्ड में अधूरे विकास कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। यहां तक कि नई विकसित हो रही कालोनियों को भी विकास से वंचित नहीं छोड़ा गया है। हरेक नागरिक को सडक़, सीवरेज, स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। इस अवसर पर गुरदीप सिंह दीपा, जिला यूथ प्रधान रणजीत सिंह फतेह, सरपंच रणजीत सिंह कलेर, पंच हरिंदर सिंह शेरगिल, पंच सुरिंदर कौर डब, पंच सुरिंदर कौर, पंच कमलजीत कौर, परविंदर सिंह शेरगिल, अमरीक सिंह शेरगिल, जसवंत सिंह शेरगिल, गुरजीत सिंह शेरगिल, सतविंदर सिंह शेरगिल, रणजीत सिंह कोठी वाले, धर्मपाल टेलर, मलकीत चंद, कमल के अलावा ब्लाक प्रधान हुकम सिंह, सुदेश कुमार व अन्य गणमान्य मौजूद थे।