फगवाड़ा (पुनीत) शिव सेना यू.बी.टी. बटाला के जिला उप प्रधान रमेश नैयर को कुछ समाज विरोधी तत्वों द्वारा हमला कर घायल करने की कड़ी निंदा करते हुए शिव सेना के प्रदेश प्रैस सचिव कमल सरोज ने आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिव सेना के पंजाब प्रधान योगराज शर्मा एवं युवा सेना के पंजाब प्रधान संजीव भास्कर सहित बटाला से लौटे प्रैस सचिव कमल सरोज ने बताया कि रमेश नैयर पर ड्रग माफिया से जुड़े लोगों द्वारा हमला किया गया है जो कि बहुत ही निंदनीय है। उन्होंने कहा कि मौजूदा प्रदेश सरकार माफियाओं पर काबू पाने में बुरी तरह विफल रही है। जिसके चलते कानून व्यवस्था का बुरा हाल है। पंजाब में न तो संगठनों के नेता सुरक्षित हैं और न ही आम जनता खुद को सुरक्षित महसूस करती है। पंजाब इस समय भगवान भरोसे चल रहा है। समाज विरोधी तत्वों में पुलिस और सरकार का कोई डर बाकी नहीं बचा है। सरेआम गुंडागर्दी का नाच हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही उक्त मामले में हमलावरों को शह देने वाले असल गुनहगारों को गिरफ्तार करके बटाला पुलिस ने शिव सेना नेता को न्याय न दिलाया तो शिव सेना यू.बी.टी. प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगी। जिसकी जिम्मेवारी पंजाब सरकार की होगी।