फगवाड़ा (पुनीत) केंद्रीय विजीलेंस आयोग (सी.वी.सी.) द्वारा मनाए जा रहे सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत फगवाड़ा के पुराना डाकघर रोड स्थित सरकारी सीनियर सैकेंडरी स्कूल ऑफ एमिनेंस में आईडीबीआई बैंक के साथ संयुक्त प्रयास करते हुए सतर्कता प्रतिज्ञा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान स्कूल ऑफ एमिनेंस के प्रिंसिपल रणजीत कुमार गोगना और आईडीबीआई बैंक फगवाड़ा शाखा के प्रमुख दीपक बत्रा द्वारा 500 से अधिक विद्यार्थियों और शिक्षकों को सतर्कता की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने अपने व्यक्तिगत और व्यावसायिक जीवन में ईमानदारी और पारदर्शिता बनाए रखने की शपथ ली। विद्यार्थियों को निवारक सतर्कता (प्रिवेंटिव विजीलेंस) के महत्व और समाज से भ्रष्टाचार को समाप्त करने की आवश्यकता के बारे में भी जागरूक किया गया। स्कूल प्रशासन ने आईडीबीआई बैंक का सहयोग के लिये जहां आभार व्यक्त किया वहीं युवाओं में नैतिक मूल्यों एवं जागरूकता को बढ़ावा देने के बैंक के प्रयासों की भी प्रशंसा की। प्रिंसीपल रणजीत कुमार गोगना ने बताया कि केन्द्रीय विजीलेंस आयोग के आह्वान पर आगामी 27 अक्टूबर से 2 नवंबर तक देश भर में विजीलेंस जागरुकता सप्ताह मनाया जायेगा। जिसके अन्तर्गत आईडीबीआई बैंक के सहयोग से आज स्कूल में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को भ्रष्टाचार के प्रति सतर्कता के लिये प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि सतर्ककता समाज का साझा दायित्व है। भ्रष्टाचार उन्मूलन के लिये लिये विद्यार्थी जीवन से ही नागरिकों को जागरुक करना होगा। तभी हमारा देश इस बुराई से पूरी तरह मुक्त हो सकता है। बैंक के शाखा प्रमुख दीपक बत्रा ने केन्द्रीय विजीलेंस आयोग के प्रयत्न को प्रशंसनीय बताया। उन्होंने कहा कि हमें जहां भ्रष्टाचार को लेकर जागरुक होना होगा वहीं, खुद को भी जीवन में किसी भी तरह के भ्रष्टाचार से दूर रखना होगा। भ्रष्टाचार के विरुद्ध प्रखरता से आवाज उठाना भी इसके समूल नाश में उल्लेखनीय सहयोग होगा। इस अवसर पर समूह स्कूल स्टाफ, बैंक के अधिकारी और विद्यार्थी उपस्थित थे।