जालंधर (पुनीश अरोड़ा) : श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से सराबोर माहौल में न्यू कमल विहार वेलफेयर सोसाइटी की ओर से तीसरा वार्षिक भगवती जागरण अत्यंत धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ 15 नवंबर 2025 (शनिवार) को आयोजित किया जा रहा है। यह भव्य आयोजन कमल विहार गेट नंबर 2, गली नंबर 2, लेदर कंपलेक्स रोड, जालंधर में संपन्न होगा। मां भगवती के दरबार को दिव्य प्रकाश और श्रद्धा से सजाया जाएगा, जहां श्रद्धालु माता रानी के भजन, कीर्तन और अखंड भक्ति का आनंद उठाएंगे। पूरे क्षेत्र में धार्मिक माहौल का वातावरण देखने को मिलेगा। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में वार्ड नंबर 50 के काउंसलर एवं विपक्ष नेता सरदार मंजीत सिंह टीटू को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने आमंत्रण स्वीकार करते हुए कहा कि माता रानी के इस दरबार में हाजिरी लगाना उनके लिए सौभाग्य की बात है। इस पावन अवसर से एक दिन पूर्व 14 नवंबर 2025 को जगत मां की पवित्र ज्योत मां ज्वाला जी से लाई जाएगी। दोपहर के समय झंडे की रसम बड़े श्रद्धापूर्वक निभाई जाएगी, जो भक्ति कार्यक्रमों की शुरुआत का प्रतीक होगी। 15 नवंबर की रात 9 बजे माता रानी की ज्योति प्रज्वलित की जाएगी, जिसके बाद पूरी रात भक्ति, भजन और भंडारे का सिलसिला चलता रहेगा। श्रद्धालुओं के लिए अटूट लंगर सेवा की व्यवस्था की गई है, ताकि हर भक्त माता के प्रसाद का आनंद ले सके। इस अवसर पर भक्ति संगीत की मधुर गूंज बिखेरने के लिए प्रसिद्ध कलाकार पवन पुजारी एंड पार्टी तथा सोहनलाल साथी अपने सुरों से माता रानी की महिमा का गुणगान करेंगे। उनकी प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं को भक्ति और आनंद की अनुभूति कराएंगी। न्यू कमल विहार वेलफेयर सोसाइटी के पदाधिकारियों राजेश सहदेव, दीपक वाधवा, मोनू सहदेव सहित अन्य सदस्य आयोजन की तैयारियों में जुटे हुए हैं। सभी ने श्रद्धालुओं से निवेदन किया है कि वे परिवार सहित इस भव्य जागरण में पहुंचकर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त करें और समाज में प्रेम, एकता व भक्ति का संदेश फैलाएं।