जालंधर (ਇਸ਼ਾਂਤ ਮਲਹੋਤਰਾ) : जालंधर से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों की मर्यादा और भरोसे पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के बस्ती गुंजा इलाके में एक महिला ने अपने ही पति को दूसरी लड़की के साथ आपत्तिजनक हालत में रंगे हाथ पकड़ लिया।पीड़िता ने बताया कि उसका पति आए दिन उसके साथ घरेलू हिंसा करता था, जिससे परेशान होकर वह अपने मायके में रहने लगी थी। शादी को करीब चार साल हो चुके हैं और उनका एक छोटा बेटा भी है।महिला ने बताया कि वह आज सिर्फ अपने बेटे के कपड़े लेने के लिए ससुराल आई थी। जैसे ही उसने कमरे का दरवाजा खोला, तो अंदर का नज़ारा देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसका पति एक पराई लड़की के साथ कमरे में मौजूद था। गुस्से और सदमे में आई महिला ने तुरंत बाहर से कमरे का दरवाजा बंद कर ताला लगा दिया और शोर मचा दिया।घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। इसी दौरान लड़की के परिजन भी पहुंच गए, जिन्होंने आरोपी पति की बेरहमी से पिटाई कर दी। हालात बिगड़ते देख किसी ने पुलिस कंट्रोल रूम  को सूचना दी।सूचना मिलते ही जालंधर पुलिस (Jalandhar Police) की टीम मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने पति और उसकी महिला मित्र को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।पीड़िता ने इंसाफ की मांग करते हुए कहा कि वह लंबे समय से मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न झेल रही थी और अब वह अपने और अपने बेटे के लिए न्याय चाहती है। पुलिस का कहना है कि महिला के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई  की जा रही है।