जालंधर (अर्शदीप सिंह कालरा) : उत्तम सिंह नगर, बस्ती शेख में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी नवयुवक सेवक सभा की ओर से 39वां वार्षिक जागरण बड़े ही आध्यात्मिक माहौल और धार्मिक उत्साह के साथ आयोजित किया जा रहा है। जागरण 29 दिसंबर, दिन शनिवार, रात 8 बजे से आरंभ होगा, जिसके लिए पूरे क्षेत्र में भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।सभा की ओर से बताया गया कि इस वर्ष का आयोजन पूर्व वर्षों की तुलना में अधिक भव्य और विशेष होगा। आयोजन स्थल पर प्रकाश सज्जा, मंच व्यवस्था और भक्तों की सुविधा के लिए व्यापक इंतज़ाम किए जा रहे हैं। स्थानीय नवयुवकों और स्वयंसेवकों की टीम दिन-रात व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है ताकि आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।इसी कड़ी में नवयुवक सेवक सभा ने वार्ड नंबर 50 के काउंसलर एवं विपक्ष नेता स. मंजीत सिंह टीटू को बतौर विशेष अतिथि जागरण में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। सभा सदस्यों ने आग्रह किया कि वे अपने पूरे परिवार सहित इस भक्ति–भाव और श्रद्धा से भरपूर आयोजन में पधारकर महामाई का आशीर्वाद प्राप्त करें।सभा प्रतिनिधियों ने कहा कि स.मंजीत सिंह टीटू का सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों में सदैव सक्रिय योगदान रहता है और उनकी उपस्थिति आयोजनों की गरिमा को और बढ़ाती है, इसलिए उन्हें विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।निमंत्रण देने के दौरान जगमोहन सिंह, सोनू, गैरी कपूर, मनविंदर सिंह निहंग, सुरिंदर शर्मा पप्पू सहित कई गणमान्य सदस्य मौजूद रहे।जागरण में प्रसिद्ध भजन मंडलियों द्वारा देवी भजनों की प्रस्तुतियां होंगी, साथ ही भक्तजनों के लिए प्रसाद की विशेष व्यवस्था भी की गई है। क्षेत्र के लोगों ने भी इस आयोजन को लेकर खुशी जताई है और भारी संख्या में पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।