जालंधर (सुरिंदर शर्मा) : शक्ति मंदिर सुधार सभा (रजि.), मॉडल हाउस, बस्ती शेख रोड, जालंधर की ओर से श्री सती माता जी का पावन जन्मोत्सव बड़ी ही श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया तथा सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ माता के दर्शन और आशीर्वाद लेने के लिए उमड़ पड़ी।कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना एवं माता की ज्योति प्रज्वलन के साथ हुई। इसके उपरांत कुमार सोनू एंड पार्टी द्वारा माता जी की महिमा का गुणगान किया गया, जिसमें भजन और कीर्तन के माध्यम से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया गया। “जय सती माता” के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।इस पावन अवसर पर वैलकम पंजाब न्यूज़पेपर के मुख्य संपादक स. अमरप्रीत सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने आयोजकों को इस सफल धार्मिक आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में आपसी भाईचारे, सद्भाव और धार्मिक चेतना को मजबूत करते हैं। उन्होंने माता रानी से सभी श्रद्धालुओं के सुख-समृद्धि और मंगल कामना की प्रार्थना भी की।कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण किया गया तथा सभी ने माता जी के चरणों में नतमस्तक होकर अपने परिवार और समाज की खुशहाली की कामना की। शक्ति मंदिर सुधार सभा के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं और कलाकारों का धन्यवाद करते हुए भविष्य में भी ऐसे धार्मिक आयोजनों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया।