जालंधर, (पुनीष अरोड़ा) : मखदुमपुर क्षेत्र में धार्मिक आस्था और भक्ति का एक भव्य संगम देखने को मिलेगा, जब 9 नवम्बर 2025 दिन रविवार को 9वां शिव विवाह महोत्सव अत्यंत श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस पावन अवसर पर भगवान शिव और माता पार्वती का दिव्य विवाह समारोह परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न होगा।समारोह के आयोजकों ने बताया कि इस बार आयोजन को और भी विशेष रूप दिया गया है। कार्यक्रम के तहत दोपहर से ही भक्ति संगीत, भजन संध्या और धार्मिक झांकियों का सिलसिला प्रारंभ होगा। 8 नवंबर 2025 को शाम 4:00 बजे भगवान बालाजी का सुंदर स्वरूप नगर भ्रमण पर निकलेगा, जिसके दर्शन करने के लिए भक्तों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। चारों ओर सजावट, पुष्प वर्षा और भक्ति रस से ओत-प्रोत वातावरण रहेगा।स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं से विनम्र निवेदन किया गया है कि वे समय पर पहुंचकर इस दिव्य आयोजन का हिस्सा बनें और भगवान शिव-पार्वती के पवित्र मिलन के साक्षी बनें। आयोजन समिति ने कहा कि यह सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि सद्भाव, एकता और भक्ति का प्रतीक है, जो पूरे समाज को एक सूत्र में पिरोता है।इस मौके पर वेलकम पंजाब न्यूज़पेपर के मुख्य संपादक स.अमरप्रीत सिंह को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। आयोजकों ने उन्हें सादर निमंत्रण पत्र भेंट करते हुए कहा कि वह अपने परिवार सहित इस पवित्र अवसर पर पधारें और भगवान शिव-पार्वती के आशीर्वाद का लाभ प्राप्त करें।आयोजक मंडल ने बताया कि कार्यक्रम स्थल को आकर्षक फूलों की सजावट, रंगीन रोशनी और धार्मिक प्रतीकों से सजाया जा रहा है। सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी प्रबंध पूर्ण कर लिए गए हैं।आस्था, प्रेम और भक्ति के इस पर्व में शामिल होकर भक्तजन न केवल पुण्य अर्जित करेंगे, बल्कि समाज में भाईचारे और शांति का संदेश भी देंगे। इस मौके पर मोहन, पुनीत, अनिल भल्ला, पंकज भारद्वाज आदि शामिल थे।