त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करे स्वास्थ्य विभाग : गुरदीप सिंह कंग
* मिठाइयों में मिलावट रोकने के लिए विशेष जांच अभियान चलाने की मांग
फगवाड़ा 27 अक्टूबर साल के प्रमुख त्योहारों दिवाली, करवाचौथ, अहोई अष्टमी और धनतेरस के मद्देनजर बाजारों में खाने-पीने की वस्तुओं की बढ़ती मांग के बीच मिलावटखोरी पर रोक लगाना और लोगों की सेहत की सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। यह मांग आल इंडिया एंटी-करप्शन फोरम के पंजाब प्रधान गुरदीप सिंह कंग ने स्वास्थ्य विभाग से की है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के सीजन में मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जाना चाहिए, ताकि मिलावटी सामान की बिक्री पर सख्ती से रोक लगाई जा सके। गुरदीप सिंह कंग ने कहा कि दिवाली जैसे बड़े त्योहारों के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग काफी बढ़ जाती है। ऐसे समय में मिलावटी खोया, घी और तेल जैसी वस्तुओं की बिक्री लोगों की सेहत के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। उन्होंने कहा कि मुनाफे के लिए लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने मिठाई विक्रेताओं से भी अपील की कि वे मिठाइयां तैयार करने के लिए शुद्ध दूध, घी, तेल और खोया इस्तेमाल करें तथा गुणवत्ता संबंधी मानकों का पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि त्योहार खुशियां बांटने का अवसर होते हैं, इसलिए किसी भी तरह की लापरवाही के कारण लोगों की खुशियां स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में नहीं बदलनी चाहिए। आम लोगों को भी सतर्क रहने की सलाह देते हुए कंग ने कहा कि खाने-पीने की वस्तुएं खरीदते समय उनकी गुणवत्ता, पैकिंग, एक्सपायरी डेट और निर्माण संबंधी जानकारी की जांच जरूर करनी चाहिए। केवल सस्ते दाम के लालच में आकर अपनी सेहत से समझौता नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि खरीदारी के लिए विश्वसनीय दुकानों और स्टोरों को प्राथमिकता देने के साथ-साथ बिल भी जरूर लेना चाहिए, ताकि किसी वस्तु में खराबी पाए जाने पर संबंधित विक्रेता की जवाबदेही तय की जा सके।