फगवाड़ा (पुनीत ) लायंस इंटरनेशनल 321-डी की इलेवन स्टार स्पेशल स्टेटस मॉडल लायंस क्लब फगवाड़ा विश्वास ने क्लब अध्यक्ष लायन अश्विनी शर्मा के नेतृत्व में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती को समर्पित एक समारोह का आयोजन किया। इस दौरान दोनों दिवंगत प्रधानमंत्रियों को याद करते हुए क्लब अध्यक्ष लायन अश्विनी शर्मा ने कहा कि देश के लिए बलिदान देने वाले महापुरुषों और महान विभूतियों को याद करना हमारा कर्तव्य है। महात्मा गांधी ने जहां भारत को विदेशी शासन से मुक्त कराने में बड़ी भूमिका निभाई, वहीं लाल बहादुर शास्त्री ने जय जवान, जय किसान का नारा देकर भारत के स्वाभिमान को जगाया। मंच का संचालन करते हुए क्लब के चार्टर अध्यक्ष लायन सुशील शर्मा ने कहा कि महात्मा गांधी की अहिंसा की सीख को ध्यान में रखते हुए भारतीय सेना ने आम नागरिकों को सुरक्षित रखते हुए ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पाकिस्तान में आतंकी शिविरों को नष्ट किया। अब मानवता का तकाजा है कि हम बाढ़ प्रभावित आम लोगों और किसानों का हाथ थामें। यही महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि लायंस क्लब फगवाड़ा विश्वास बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए प्रोजेक्ट करने हेतु प्रयासरत है। इस प्रोजेक्ट के डायरेक्ट लायन सुखजीत समरा ने कहा कि आज समय की मांग है कि हमारे राजनीतिक नेता बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फोटो खिंचवाने और उन्हें सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की बजाय सेवा भावना से बाढ़ पीडि़तों के पुनर्वास के लिए प्रयास करें। उन्होंने कहा कि स्वयं एक किसान होने के नाते वे बाढ़ प्रभावित किसानों की समस्याओं को अच्छी तरह जानते और समझते हैं। इस अवसर पर लायन बलविंदर सिंह, लायन चमन लाल, लायन रवि मंगल, लायन प्रदीप सिंह, लायन इंद्रजीत सिंह ने आश्वासन दिया कि वे बाढ़ से प्रभावित किसानों और आम लोगों की मदद के लिए किए जाने वाले प्रोजेक्टों में हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे। क्लब के सभी सदस्यों ने कहा कि वे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे और जरूरतमंदों को उनकी आवश्यकताओं के अनुसार हर संभव मदद प्रदान करेंगे।