फिरोजपुर ( जतिन्द्र पिंकल ) पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 फिरोजपुर छावनी में 25 व 26 अगस्त को आयोजित होने वाली दो दिवसीय क्लस्टर स्तरीय कला उत्सव प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। यह प्रतियोगिता फरीदकोट क्लस्टर के सात केंद्रीय विद्यालयों के विद्यार्थियों की भागीदारी के साथ संपन्न हो रही है। प्रिंसिपल डाक्टर गुरदीप सिंह ने बताया कि मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर विवेक गोयल वीएसएम, चेयरमैन वीएमसी ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। उनके साथ श्रीमती शुचि गोयल एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में केवी नं.1 फिरोजपुर छावनी की प्राचार्य श्रीमती सीमा सिंह तथा केवी केएमएस वाला के प्राचार्य मंगेराम गोदारा उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम छात्रों में सामाजिक, कलात्मक व संगीत प्रतिभाओं को विकसित करते हैं। साथ ही यह राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक समरसता को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण साधन हैं। प्रतियोगिता में कुल 200 विद्यार्थी (53 लड़के और 147 लड़कियाँ) 16 विभिन्न सांस्कृतिक, संगीत और कला संबंधी प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे हैं। इन विद्यार्थियों के साथ विभिन्न केंद्रीय विद्यालयों के 17 शिक्षक भी आए हुए हैं।