फिरोजपुर, ( जतिन्द्र पिंकल ) सनातन धर्म में हिंदू संस्कृति को बढ़ावा देने और दुर्गा मां के पावन पर्व नवरात्रों के उपलक्ष्य में पायल धवन एवं तनु नारंग द्वारा डांडिया संगम 3.0 उत्सव एवं प्रतियोगिता का भव्य आयोजन H3 हरिश होटल में किया गया। यह आयोजन लगातार तीसरे वर्ष आयोजित किया गया, जिसमें शहर की बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
आयोजकों पायल धवन एवं तनु नारंग ने बताया कि इस महिला प्रतियोगिता में लगभग 200 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान कई प्रकार की अलग-अलग प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें डांडिया डांस, बेस्ट ड्रेस, बेस्ट परफॉर्मेंस जैसी रोचक श्रेणियां शामिल रहीं। विजेताओं को सम्मानित कर उन्हें प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत रूप से दुर्गा पूजा एवं श्री गणेश वंदना के साथ हुआ। गरबा और डांडिया की ताल पर महिलाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए वातावरण को भक्तिमय एवं उत्सवमय बना दिया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजी महिलाओं ने एकता और संस्कृति के संदेश के साथ इस आयोजन को सफल बनाया।
आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन का उद्देश्य युवा पीढ़ी को हमारी पारंपरिक संस्कृति से जोड़ना और उन्हें भारतीय त्यौहारों के महत्व से अवगत कराना है। उन्होंने उपस्थित सभी प्रतिभागियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।