फिरोजपुर ( जतिन्द्र पिंकल ) मंडल रेल प्रबंधक श्री संजीव कुमार और अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री नितिन गर्ग के नेतृत्व में योजनाबद्ध प्रयासों के फलस्वरूप फ़िरोज़पुर मंडल ने दिनांक 22.10.2025 को टिकट चेकिंग के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। मंडल के इतिहास में एक ही दिन में सर्वाधिक टिकट चेकिंग राजस्व प्राप्ति 25.06 लाख अर्जित की। इस दौरान मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं ट्रेनों में टिकट चेकिंग स्टाफ एवं मुख्य टिकट निरीक्षकों द्वारा कुल 3,348 यात्री बिना टिकट अथवा अनियमित यात्रा करते हुए पाए गए एवं उनसे जुर्माने के तौर पर 25.06 लाख का राजस्व वसूल किया गया। इससे पूर्व फ़िरोज़पुर मंडल द्वारा सर्वाधिक एक दिन का टिकट चेकिंग राजस्व 24.5 लाख था जो वर्ष 2022 में अर्जित किया गया था। मंडल रेल प्रबंधक श्री संजीव कुमार ने बताया कि यह उपलब्धि मंडल के सभी टिकट चेकिंग स्टाफ के सतत परिश्रम, समन्वय और टीम भावना का परिणाम है। उन्होंने कहा कि बिना टिकट व अनियमित यात्रा और गंदगी फैलाने से रोकने के लिए रेलयात्रियों को नियमों के पालन हेतु लगातार अभियान चलाकर जागरूक किया जा रहा है।